कोडरमा-गिरिडीह सीमावर्ती क्षेत्र के घोसकेडीह गांव में शनिवार दोपहर वज्रपात की चपेट में आने से एक 10 वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जबकि एक अन्य छात्र घायल हो गया। मृतक की पहचान अभिनित उर्फ विशाल कुमार (पिता- प्रकाश कुमार यादव) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, स्कूल से घर लौटने के बाद विशाल अपने दोस्तों के साथ जामुन खाने पेड़ के पास गया था। इसी दौरान अचानक तेज गर्जन के साथ वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में विशाल और सतीश यादव आ गए। दोनों को तत्काल मरकच्चो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से विशाल को सदर अस्पताल कोडरमा रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं घायल सतीश का प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।