39 वर्षीय व्यक्ति की पत्थर मारकर हत्या के मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार।
आपसी कहासुनी होने पर पत्थर से चोटें मारकर दिया था हत्या करने की वारदात को अंजाम।
गुरुग्राम, गौरव गर्ग, 15 जुलाई । 14 जुलाई को पुलिस थाना सेक्टर-53, गुरुग्राम में सेक्टर-54 स्थित डीएलएफ फेज-5 के जंगल क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव पड़े होने संबंधी सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची, जहां एक व्यक्ति का शव खून से लथपथ अवस्था में पड़ा मिला, जिसके सिर व चेहरे पर पत्थर से चोटें मारने के निशान थे। पुलिस टीम द्वारा सीन-ऑफ-क्राइम, डॉग-स्क्वार्ड, फिंगरप्रिंट एवं एफएसएल टीमों को मौके पर बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया। घटनास्थल से प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर मृतक की पहचान बंदी उरांव (उम्र-39 वर्ष) निवासी जिला गुमला (झारखंड) के रूप में हुई। मृतक के शव को पोस्टमार्टम हेतु नागरिक अस्पताल, गुरुग्राम की मोर्चरी में रखवाया गया।
घटनास्थल पर उपस्थित एक व्यक्ति ने एक लिखित शिकायत के माध्यम से पुलिस टीम को बताया कि 14 जुलाई को समय प्रातः लगभग 6 बजकर 15 मिनट इसने डीएलएफ फरीदाबाद टी-पॉइंट पर सड़क किनारे जंगल में एक व्यक्ति को खून से लथपथ अवस्था में औंधे मुंह पड़ा हुआ देखा, जिसके शव को देखकर प्रतीत हो रहा था कि किसी ने चोंटे मारकर उसकी हत्या की है। प्राप्त शिकायत के आधार पर पुलिस थाना सेक्टर-53, गुरुग्राम में हत्या से संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया।
निरीक्षक नरेंद्र शर्मा, प्रबंधक थाना सैक्टर-53, गुरुग्राम व उप-निरीक्षक अंकित प्रभारी अपराध शाखा सैक्टर-43, गुरुग्राम की पुलिस टीमों ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए उपरोक्त अभियोग में हत्या करने की वारदात को अंजाम देने वाले 3 आरोपियों को आज गुरुग्राम से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान 1. राम (उम्र-30 वर्ष) निवासी गांव रेडवा जिला गुमला, झारखंड वर्तमान निवासी वजीराबाद, गुरुग्राम, 2. विनय (उम्र-35 वर्ष) निवासी गांव फरसाबहार जिला गुमला, झारखंड वर्तमान निवासी वजीराबाद, गुरुग्राम व 3. प्रकाश (उम्र-26 वर्ष) निवासी गांव बनाबीरा जिला सिमडेगा, झारखंड वर्तमान निवासी वजीराबाद, गुरुग्राम के रूप में हुई।
पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि उपरोक्त अभियोग में मृतक बंदी उराव काम की तलाश में लगभग 1 महीना पहले गुरुग्राम आया था। 13/14 जुलाई की रात को मृतक बंदी के एक साथी के बेटे का जन्मदिन था। बंदी अपने दोस्तों के साथ वजीराबाद में उसी पार्टी में गया था। पार्टी के बाद बंदी ने अपने दोस्तों को गुरुग्राम शहर दिखाने के लिए कहा। जिस पर बंदी एक गाड़ी में अपने तीन दोस्तों (उपरोक्त आरोपियों) के साथ गुरुग्राम शहर घूमने के लिए निकल गया। जिसके बाद वजीराबाद ढाणी चौक के पास इनकी आपस में बहस हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि बंदी के तीनों आरोपी उसको अरावली पहाड़ी के जंगलों में ले गए और वहां पर पत्थर मारकर बंदी की हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में फेंक दिया। वारदात में प्रयोग की गई कार आरोपी राम की थी।
आरोपी प्रकाश और विनय गुरुग्राम में ऑटो चलाने का काम करते हैं तथा राम ओला/ऊबर में गाड़ी चलाने का काम करता है।
आगामी पूछताछ व बरामदगी के लिए आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश करके पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया जाएगा। अभियोग अनुसंधानाधीन है।
Jhajjar, Jhajjar | Jul 15, 2026