देवरिया पुलिस का बड़ा एक्शन: शराब तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, 126 पेटी अवैध शराब के साथ 8 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
#देवरिया। जनपद की थाना श्रीरामपुर पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने बिहार तस्करी के लिए ले जाई जा रही 126 पेटी अवैध देशी शराब, 08 मोटरसाइकिल और 04 फर्जी नंबर प्लेट बरामद करते हुए 08 अंतरराज्यीय अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी मनोज कुमार के पर्यवेक्षण में थाना श्रीरामपुर पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस टीम मैदनिया तिराहे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मैदनिया स्थित देशी शराब की दुकान के पास कुछ लोग मोटरसाइकिलों की नंबर प्लेट बदलकर अवैध रूप से देशी शराब बिहार ले जाने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान 08 मोटरसाइकिलों पर प्लास्टिक की बोरियों में लदी 103 पेटी 'बंटी बबली' और 23 पेटी 'रोमियो राजा' ब्रांड की देशी शराब बरामद की गई। कुल 126 पेटी (1134 लीटर) अवैध देशी शराब के साथ 08 अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही 04 फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद हुईं।
पुलिस गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
#Deoria #DeoriaPolice #UPPolice #LiquorSmuggling #BreakingNews #DeoriaPost