पंचकूला सिविल अस्पताल में शुरू हुई अमृत फार्मेसी, मरीजों को सस्ती दरों पर मिलेंगी दवाइयां और मेडिकल इम्प्लांट
कृषि मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने किया अमृत फार्मेसी का शुभारंभ, 24 घंटे मिलेगी सुविधा
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के 16 जिला अस्पतालों में अमृत फार्मेसी का किया उद्घाटन
पंचकूला, 20 नवंबर: हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने आज सिविल अस्पताल सेक्टर-6, पंचकूला में अमृत (अफोर्डेबल मेडिसिन्स एंड रिलायबल इम्प्लांट्स फॉर ट्रीटमेंट) फार्मेसी का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अमृत फार्मेसी की शुरुआत से मरीजों को उच्च गुणवत्ता वाली दवाइयां एवं मेडिकल इम्प्लांट बाजार की तुलना में सस्ती और रियायती दरों पर उपलब्ध होंगे। इससे आमजन को इलाज के दौरान होने वाले आर्थिक बोझ से राहत मिलेगी।
कृषि मंत्री श्री श्याम सिंह राणा सिविल अस्पताल में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत का यमुनानगर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ने वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के 16 जिला अस्पतालों में अमृत फार्मेसी का विधिवत शुभारंभ किया।
श्री श्याम सिंह राणा ने हरियाणा सरकार की इस जनकल्याणकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना है। अमृत फार्मेसी के माध्यम से मरीजों को आवश्यक, जीवनरक्षक एवं विशेष श्रेणी की दवाइयां तथा मेडिकल इम्प्लांट रियायती दरों पर मिल सकेंगे।
उन्होंने कहा कि इस फार्मेसी की एक विशेष उपलब्धि यह है कि यह 24 घंटे सातों दिन संचालित होगी। इससे मरीजों और उनके परिजनों को किसी भी समय, विशेषकर आपातकालीन परिस्थितियों में भी, किफायती दरों पर दवाइयां एवं मेडिकल इम्प्लांट उपलब्ध हो सकेंगे।
कृषि मंत्री ने कहा कि अमृत फार्मेसी की शुरुआत पंचकूला और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ एवं किफायती बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे मरीजों के इलाज पर होने वाले व्यक्तिगत खर्च में कमी आएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने और उनके जीवन को सुगम बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अमृत फार्मेसी का लाभ अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले बाह्य रोगियों (ओपीडी) के साथ-साथ भर्ती मरीजों (आईपीडी) को भी मिलेगा। फार्मेसी में विभिन्न प्रकार की दवाइयां और मेडिकल इम्प्लांट किफायती एवं रियायती दरों पर उपलब्ध करवाए जाएंगे।
इस अवसर पर उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा, कालका की विधायक श्रीमती शक्ति रानी शर्मा, मेयर श्री श्याम लाल बंसल, हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष श्री ज्ञानचंद गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री अजय मित्तल, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती लतिका शर्मा, प्रदेश युवा मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष श्री योगिन्दर शर्मा , सिविल सर्जन डॉ. मुक्ता कुमार, प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.एस. चौहान सहित स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक एवं अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
Panchkula, Panchkula | Nov 20, 2026