राजगढ़ में गूंजा भारत माता का जयघोष, शान से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस।
सिरमौर के राजगढ़ में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। ऐतिहासिक अंबेडकर भवन परिसर में आयोजित उपमंडल स्तरीय समारोह में एसडीएम राजगढ़ राज कुमार ठाकुर ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान पुलिस, होमगार्ड और एनसीसी की टुकड़ियों ने शानदार मार्चपास्ट प्रस्तुत कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।
राजगढ़ में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान पूरा माहौल देशभक्ति से सराबोर नजर आया। राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद राष्ट्रगान की गूंज से वातावरण गौरवमयी बन गया।
समारोह को संबोधित करते हुए एसडीएम राजगढ़ राज कुमार ठाकुर ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों को नमन किया। उन्होंने कहा कि भारत की स्वतंत्रता वर्षों के संघर्ष, त्याग, तपस्या और असंख्य वीरों के बलिदान का परिणाम है।
उन्होंने महात्मा गांधी, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, नेताजी सुभाष चंद्र बोस सहित स्वतंत्रता संग्राम के सभी ज्ञात-अज्ञात सेनानियों के योगदान को याद किया। एसडीएम ने कहा कि हिमाचल प्रदेश और सिरमौर की धरती का भी स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
राज कुमार ठाकुर ने कहा कि आजादी के बाद भारत ने कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, विज्ञान, तकनीक, अंतरिक्ष, उद्योग, सड़क और डिजिटल क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने कहा कि देश की विकास यात्रा तभी सार्थक होगी, जब विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने और देश की प्रगति में अपना योगदान देने का आह्वान किया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रशासन ने सम्मानित विभूतियों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
वहीं, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। गीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और भारतीय संस्कृति का संदेश दिया।
समारोह में तहसीलदार राजगढ़ राजेंद्र शर्मा, सहायक आयुक्त एवं खंड विकास अधिकारी राजगढ़ उमेश शर्मा, नायब तहसीलदार सुशांत कुमार, नगर पंचायत अध्यक्ष ठाकुर विक्रम जेलदार सहित क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
राजगढ़ में आयोजित 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह ने जहां शहीदों के बलिदान को याद किया, वहीं देश की एकता, अखंडता और प्रगति के संकल्प के साथ समारोह का समापन हुआ।
न्यूज टुडे हिमाचल के लिए राजगढ़ से गोपाल दत्त शर्मा की रिपोर्ट।