हिमाचल प्के आनी में दर्दनाक हादसा: गहरी खाई में गिरी कार, चार की मौत, एक गंभीर घायल। हरीपुर-नागण क्षेत्र में हुआ हादसा,
हादसे को सूचना मिलते ही विधायक लोकेंद्र कुमार स्थानीय लोगों और प्रशासन के साथ मिल कर राहत और बचाव कार्य में जुटे।
कुल्लू जिले के आनी उपमंडल में मंगलवार तड़के हुए एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके को झकझोर कर रख दिया। हरिपुर-नागन क्षेत्र में नेशनल हाईवे-305 पर करीब साढ़े तीन बजे एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि कार में सवार चार लोगों की जान चली गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे के समय कार में करीब पांच लोग सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें सक्रिय हो गईं। घटनास्थल पर सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया और राहत-बचाव कार्य के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने की कार्रवाई की गई।हादसे में चार लोगों की मौत
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान राहुल राणा पुत्र जगदीश, विवेक राणा पुत्र हीरा सिंह, गुंजन पुत्र राम प्रकाश और बालकृष्ण पुत्र धिक राम के रूप में हुई है। बताया गया है कि चारों मृतक आनी उपमंडल के जाबो गांव के रहने वाले थे। हादसे की खबर गांव पहुंचते ही परिवारों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।
एक घायल, रामपुर अस्पताल रेफर
हादसे में सुरेश कुमार पुत्र मोहन लाल घायल हुए हैं। उन्हें उपचार के लिए रामपुर अस्पताल रेफर किया गया है। घायल की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
शादी समारोह से लौट रहे थे सभी
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कार सवार सभी लोग कुमारसैन के बड़ागांव में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान हरिपुर-नागन क्षेत्र में एनएच-305 पर यह हादसा हो गया। हादसे की वजह क्या रही, वाहन सड़क से कैसे दुर्घटनाग्रस्त हुआ और दुर्घटना के पीछे कौन से परिस्थितियां थीं, इसका पता पुलिस की जांच के बाद ही चल पाएगा। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की ओर से मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है। तड़के हुए इस हादसे ने एक ही गांव के परिवारों को गहरे दुख में डाल दिया है। हादसे की सूचना के बाद घटनास्थल पर राहत एवं बचाव दलों की गतिविधियां जारी रहीं और प्रशासन की ओर से पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।
Shimla Urban, Shimla | Sep 22, 2026