कर्वी तहसील के खुमानी पुरवा में कीचड़युक्त रास्ते से परेशान ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
पक्की सड़क की मांग को लेकर डीएम के नाम सौंपा ज्ञापन
चित्रकूट : बारिश में खुमानीपुरवा जाने वाला रास्ता ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गया है। कच्चे मार्ग पर जगह-जगह कीचड़ होने से आवागमन प्रभावित है। जिससे नाराज ग्रामीणों ने आज सोमवार की सुबह 8 बजे कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपते हुए मार्ग निर्माण की मांग उठाई।
ग्रामीण सुधाकर मिश्रा ने बताया कि रेही पुरवा इटखरी से नेता का पुरवा, देवराज बाबा के स्थान होते हुए प्राथमिक विद्यालय और खुमानीपुरवा तक जाने वाला मार्ग आज भी कच्चा है। बारिश के दिनों में रास्ते पर कीचड़ भर जाता है। इससे ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी होती है। बच्चों को विद्यालय पहुंचने में भी दिक्कत होती है। दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से मार्ग निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने अपनी मांग के समर्थन में 25 ग्रामीणों के हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन के साथ कीचड़युक्त रास्ते से आवागमन की चार तस्वीरें भी प्रशासन को सौंपीं। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द मार्ग का निर्माण कराने की मांग की।
Karwi, Chitrakoot | Oct 6, 2026