10वीं राज्य स्तरीय
हिमाचल प्रदेश पैरा स्पोर्ट्स चैंपियनशिप 2026 के अंतर्गत हमीरपुर में आयोजित राज्य स्तरीय ट्रायल में Pehchan Special School के विशेष बच्चों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर Pehchan Special School के खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है।
प्रतियोगिता में T37 कैटेगरी की 400 मीटर दौड़ में आदित्य शर्मा ने स्वर्ण पदक तथा हर्ष ने कांस्य पदक हासिल किया। वहीं T20 जूनियर कैटेगरी की 400 मीटर दौड़ में रोनित ने स्वर्ण, सनथ ने रजत तथा अक्षय ने कांस्य पदक जीता। इसके अतिरिक्त T20 कैटेगरी की 400 मीटर दौड़ में सुपर्व ने कांस्य पदक प्राप्त कर स्कूल का नाम रोशन किया।
सभी खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह, आत्मविश्वास और मेहनत के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया और अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया। उनकी इस उपलब्धि से Pehchan Special School में खुशी का माहौल है।
स्कूल की संस्थापक एवं प्रधानाचार्य चेतना शर्मा ने सभी विजेता खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि बच्चों की यह सफलता उनकी मेहनत, लगन, आत्मविश्वास और शिक्षकों के निरंतर मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने खिलाड़ियों के साथ-साथ उन्हें प्रशिक्षण देने वाले शिक्षकों की भी सराहना की। साथ ही हिमाचल प्रदेश पैरा-स्पोर्ट्स हमीरपुर के पदाधिकारियों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी और
उन्होंने हिमाचल प्रदेश पैरा स्पोर्ट्स के सचिव श्री ललित ठाकुर जी का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ललित ठाकुर जी के निरंतर प्रयासों, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से विशेष बच्चे न केवल राज्य स्तर पर, बल्कि राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं और हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। उनके प्रयासों से विशेष बच्चों को खेलों में आगे बढ़ने, अपनी प्रतिभा निखारने और नई ऊंचाइयां हासिल करने के अवसर मिल रहे हैं।
Dharamshala, Kangra | Nov 17, 2026