देवघर में अकीदत और जोश के साथ निकला भव्य ताजिया जुलूस, हैरतअंगेज करतबों ने बांधा समां ।हिरणा से टॉवर चौक तक निकला जुलूस, तलवार, भाला और लाठी के रोमांचक प्रदर्शन ने आकर्षित किए लोग
देवघर :·मुहर्रम का पर्व देवघर में धार्मिक आस्था, अनुशासन और भाईचारे के माहौल में धूमधाम से मनाया गया। मोहर्रम इस्लामिया कमिटी के तत्वावधान में हिरणा से टॉवर चौक तक भव्य एवं आकर्षक ताजिया जुलूस निकाला गया।
जुलूस में मुस्लिम समाज के सैकड़ों लोग शामिल हुए। पारंपरिक वेशभूषा में शामिल युवाओं और अखाड़ा दलों ने पूरे मार्ग में तलवार, भाला और लाठी के शानदार करतब प्रस्तुत किए, जिन्हें देखने के लिए सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। हैरतअंगेज प्रदर्शन ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और सभी ने तालियों से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
जुलूस शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रही। मुहर्रम के अवसर पर लोगों ने इमाम हुसैन की कुर्बानी को याद करते हुए अमन, भाईचारे और इंसानियत का संदेश दिया।
इस मौके पर मोहर्रम इस्लामिया कमिटी के अध्यक्ष मो. आजाद खान, सचिव सिंकदर शेख, मो. आजाद, अमजद, मुर्शिद आलम, सद्दाम हुसैन, सहित सैकड़ों लोग शामिल हुए।