*सेवा संकल्प अभियान में सेवा की कहानी*
*पीएम स्वनिधि से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ीं रामकुमारी*
*ऋण की राशि से व्यवसाय को बढ़ाया, अब बेहतर तरीके से चला रहीं अपना काम*
---
सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत ‘सेवा की कहानी’ के माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ लेकर जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाले हितग्राहियों की सफलता की कहानियां सामने लाई जा रही हैं। इसी क्रम में छतरपुर नगर के वार्ड क्रमांक-9 निवासी रामकुमारी चौरसिया पीएम स्वनिधि योजना का लाभ लेकर आत्मनिर्भरता की ओर आगे बढ़ रही हैं।
रामकुमारी ने बताया कि पहले वह छोटे स्तर पर अपना व्यवसाय संचालित करती थीं। नगर पालिका छतरपुर के माध्यम से उन्हें बैंक से पीएम स्वनिधि योजना के तहत प्रथम चरण में 10 हजार रुपये का ऋण मिला। उन्होंने समय पर ऋण चुकाया, जिसके बाद दूसरी बार 25 हजार रुपये और इसके पश्चात 50 हजार रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। ऋण की राशि का उपयोग उन्होंने अपने व्यवसाय में किया, जिससे उन्हें कारोबार बढ़ाने का अवसर मिला।
रामकुमारी बताती हैं कि योजना से मिली आर्थिक सहायता ने उनके व्यवसाय को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अब वह अपना काम बेहतर तरीके से संचालित कर रही हैं और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
उन्होंने कहा, “पीएम स्वनिधि योजना से मुझे अपने काम को बढ़ाने में काफी मदद मिली। मैं सरकार और नगर पालिका छतरपुर का धन्यवाद करती हूं।”