NRLM से बदली महिलाओं की तस्वीर, नौगांव में हजारों महिलाएं बनीं आत्मनिर्भर TopFan DM Uttarkashi PM Narendra Modi
नौगांव। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के तहत नौगांव विकासखंड में महिलाएं स्वरोजगार की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही हैं। खंड विकास अधिकारी विजेंद्र चौहान ने बताया कि विकासखंड के 134 गांवों में 1200 स्वयं सहायता समूह (SHG) सक्रिय हैं, जिनमें 6822 सदस्य जुड़े हुए हैं।
उन्होंने बताया कि न्याय पंचायत स्तर पर 9 क्लस्टर कार्यरत हैं। विकासखंड में 670 कृषि आधारित तथा 575 गैर-कृषि आधारित समूह विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से आजीविका बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं।
खंड विकास अधिकारी ने कहा कि सद्भावना स्वयं सहायता समूह ऐपन कला के माध्यम से हस्तनिर्मित उत्पाद तैयार कर महिलाओं को रोजगार उपलब्ध करा रहा है। वहीं खरसाली ग्राम संगठन सहायता समूह यमुनोत्री धाम में "मां यमुना प्रसाद भोज" का संचालन कर रहा है, जिसका वार्षिक टर्नओवर लगभग 5 लाख रुपये तक पहुंच चुका है।
उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा मार्ग पर भी स्वयं सहायता समूहों के आउटलेट संचालित किए जा रहे हैं, जहां स्थानीय उत्पादों और खाद्य सामग्री की बिक्री की जा रही है। इन उत्पादों को यात्रियों से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है, जिससे समूहों की आय में लगातार वृद्धि हो रही है।
विजेंद्र चौहान ने कहा कि विभाग का लक्ष्य नौगांव ब्लॉक की अधिक से अधिक महिलाओं को रोजगार से जोड़ना और उनकी वार्षिक आय एक लाख रुपये से अधिक तक पहुंचाना है। इसके लिए समय-समय पर महिलाओं को विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण भी प्रदान किया जा रहा है।