#भरतपुर। रेलवे स्टेशन और चलती ट्रेन में जल्दबाजी के दौरान छूटे करीब 48 हजार रुपए कीमत के दो मोबाइल फोन रेलवे सुरक्षा बल ने बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सुरक्षित लौटा दिए। दोनों मामले भरतपुर के हैं। एक मोबाइल भरतपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर लावारिस हालत में मिला था, जबकि दूसरा यात्री ट्रेन में मोबाइल चार्जिंग पर लगाकर भूल गया था। आरपीएफ ने दोनों मामलों में कार्रवाई करते हुए मोबाइल उनके मालिकों को सुपुर्द किए। पहला मामला भरतपुर रेलवे स्टेशन का है। प्लेटफॉर्म पर गश्त के दौरान आरपीएफ के आरक्षक देशराज और मोनू को एक इंफिनिक्स कंपनी का मोबाइल फोन लावारिस हालत में पड़ा मिला। मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 25 हजार रुपए बताई गई। आरपीएफ जवानों ने मोबाइल को सुरक्षित अपने कब्जे में लिया और रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट भरतपुर पर जमा करा दिया। कुछ समय बाद गांधीनगर कॉलोनी, भरतपुर निवासी 32 वर्षीय विशाल पुत्र कन्हैया सिंह आरपीएफ पोस्ट पहुंचे। उन्होंने बताया कि वे अपने भाई को ट्रेन में बैठाने के लिए भरतपुर रेलवे स्टेशन आए थे। इसी दौरान उनका मोबाइल कहीं गुम हो गया। विशाल ने मोबाइल की पहचान बताने के साथ उसका बिल भी प्रस्तुत किया। आवश्यक सत्यापन के बाद मोबाइल सही हालत में उन्हें सौंप दिया गया। दूसरा मामला गाड़ी संख्या 12415 का है। उज्जैन से भरतपुर की यात्रा कर रहे बूथवारी कला, थाना डहरा मोड़, जिला भरतपुर निवासी 31 वर्षीय विसवेंद्र पुत्र अमर सिंह अपना रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन ट्रेन में ही भूल गए। विसवेंद्र कोच संख्या S-3 की बर्थ नंबर 80 पर यात्रा कर रहे थे। उन्होंने मोबाइल चार्जिंग पर लगाया था और जल्दबाजी में ट्रेन से उतरते समय उसे वहीं छोड़ गए। मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 23 हजार रुपए थी। सूचना मिलने पर आरपीएफ ने कार्रवाई की और मोबाइल को मथुरा में सुरक्षित प्राप्त कर भरतपुर रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट भिजवाया। यात्री को इसकी सूचना दी गई। विसवेंद्र के आरपीएफ पोस्ट पहुंचने के बाद मोबाइल की पहचान और बिल का सत्यापन किया गया। इसके बाद मोबाइल उन्हें सुरक्षित सुपुर्द कर दिया गया। दोनों मामलों में आरपीएफ की तत्परता से यात्रियों के करीब 48 हजार रुपए मूल्य के मोबाइल फोन सुरक्षित वापस मिल गए।
Bharatpur, Bharatpur | Sep 14, 2026