आईजीआरएस शिकायतों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें अधिकारी, लापरवाही पर होगी कार्रवाई: डीएम
कर-करेत्तर व राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक में लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत राजस्व वसूली के दिए निर्देश, असंतुष्ट फीडबैक वाले मामलों में अधिकारियों से मांगी रिपोर्ट
#संतकबीरनगर । जिलाधिकारी आलोक कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों एवं विभिन्न संदर्भों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनपद की रैंकिंग प्रभावित करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को आयोजित आईजीआरएस, कर-करेत्तर एवं राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक में डीएम ने मुख्यमंत्री, आयुक्त, जिलाधिकारी, तहसील दिवस सहित विभिन्न संदर्भों और लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा की। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सत्य प्रकाश तथा अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चंद्रेश कुमार सिंह भी मौजूद रहे।
डीएम ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। आवश्यकता पड़ने पर अधिकारी मौके पर जाकर जांच करें और शिकायतकर्ता से संपर्क कर उसका पक्ष सुनने के बाद ही नियमानुसार कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि असंतुष्ट फीडबैक यह दर्शाता है कि शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता की कमी रही है। ऐसे मामलों में संबंधित अधिकारियों को पूरी रिपोर्ट के साथ अगली समीक्षा बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को योजनाओं और निर्माण कार्यों की लक्ष्य के अनुरूप प्रगति बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर जनपद की रैंकिंग बेहतर रहे। डीएम ने चेतावनी दी कि योजनाओं के संचालन में लापरवाही अथवा शिकायतों के समय पर निस्तारण में विफल रहने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में कर-करेत्तर एवं राजस्व संग्रह की समीक्षा के दौरान आबकारी, राज्य कर, परिवहन, स्टाम्प शुल्क, विद्युत देय, वन विभाग, सिंचाई एवं नलकूप, नगर निकाय, खनन, मंडी समिति, बांट-माप तथा खाद्य सुरक्षा सहित विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई। डीएम ने सभी विभागों को समय सीमा के भीतर लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत राजस्व संग्रह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में उपायुक्त श्रम एवं रोजगार प्रभात द्विवेदी, एसडीएम खलीलाबाद हृदय राम तिवारी, एसडीएम मेहदावल अरुण कुमार, एसडीएम धनघटा रविकांत चौबे, एसडीएम (न्यायिक) संजीव राय, एसडीएम डॉ. सुनील कुमार, तहसीलदार खलीलाबाद आनंद ओझा, तहसीलदार मेहदावल अल्पिका वर्मा, तहसीलदार धनघटा राम जी, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा सतीश कुमार, उपायुक्त राज्य कर राजेश कुमार पांडेय, उप निदेशक कृषि डॉ. राकेश कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता विद्युत राजेश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक उपेंद्र कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी अरुण कुमार, जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार, लीड बैंक मैनेजर पवन कुमार सिन्हा, एआरटीओ प्रियंवदा सिंह, जिला बांट-माप अधिकारी वी.पी. वर्मा, ईडीएम राकेश कुमार सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका अवधेश भारती तथा सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज सहित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।