आरक्षकों से मारपीट के आरोप में प्रमोद तिवारी गिरफ्तार, जेल भेजा नौगांव चोरी मामले को लेकर पहले भी रहे चर्चा में#
छतरपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में दो आरक्षकों के साथ मारपीट कर उन्हें चोट पहुंचाने के आरोप में नौगांव निवासी प्रमोद तिवारी के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस कार्रवाई के बाद आरोपी प्रमोद तिवारी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, सिविल लाइन थाने में दो आरक्षकों के साथ मारपीट और चोट पहुंचाने की शिकायत के आधार पर प्रमोद तिवारी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।
प्रमोद तिवारी इससे पहले भी नौगांव में वर्ष 2025 में हुई चोरी की घटना के खुलासे की मांग को लेकर लगातार अधिकारियों को ज्ञापन सौंपने को लेकर चर्चा में रहे हैं। उनके द्वारा चोरी का खुलासा कराने और पुलिस कार्रवाई की मांग को लेकर बड़ी संख्या में ज्ञापन दिए जाने की बात सामने आई है।
हालांकि, पुलिस के मुताबिक आरक्षकों से मारपीट के मामले में कानून के तहत कार्रवाई की गई है। अब इस पूरे मामले को लेकर छतरपुर एसपी रजत सकलेचा का कहना है कि पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट या कानून व्यवस्था में बाधा डालने की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Bundelkhand Wala SP Chhatarpur