कांवरिया पथ का डीएम ने किया सघन निरीक्षण, गंदगी पर नाराजगी; लापरवाही पर सेवा शिविर ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी
बांका। श्रावणी मेला के सफल, सुगम एवं सुरक्षित संचालन को लेकर जिलाधिकारी, बांका ने कांवरिया पथ का व्यापक एवं सघन स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण की शुरुआत धौरी गेट से हुई। इसके बाद जिलाधिकारी ने धौरी से जोरिपार होते हुए रंगनिया टेंट सिटी तक पैदल भ्रमण कर कांवरिया पथ की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। तत्पश्चात जिलेबिया मोड़ होते हुए अबरखा तक की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया।
इस दौरान साफ-सफाई, चिकित्सा शिविर, बिजली एवं प्रकाश व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति तथा टेंट सिटी में कांवरियों के ठहराव और विश्राम की सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया गया।
गंदगी मिली तो सेवा शिविर होगा ब्लैकलिस्ट
निरीक्षण के दौरान कुछ सेवा शिविरों के आसपास गंदगी पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित शिविर संचालकों को परिसर एवं आसपास नियमित स्वच्छता बनाए रखने की सख्त हिदायत दी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि दोबारा गंदगी की स्थिति मिली तो संबंधित सेवा शिविर को तत्काल प्रभाव से ब्लैकलिस्ट कर दिया जाएगा।
वहीं, कुछ निजी दुकानदारों द्वारा अनावश्यक रूप से पानी बहाए जाने पर भी जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए पानी की बर्बादी तत्काल रोकने का निर्देश दिया।
डीजे और तेज आवाज पर सख्ती
कांवरिया पथ के आध्यात्मिक एवं शांत वातावरण को बनाए रखने के लिए सेवा शिविर संचालकों और निजी दुकानदारों को तेज आवाज में लाउडस्पीकर, डीजे या म्यूजिक सिस्टम नहीं बजाने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि अत्यधिक ध्वनि से पैदल यात्रा कर रहे कांवरियों के ध्यान और विश्राम में व्यवधान उत्पन्न होता है।
सभी सेक्टर दंडाधिकारियों एवं संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहकर पानी के दुरुपयोग पर नियंत्रण तथा तेज ध्वनि में लाउडस्पीकर बजाने पर रोक सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
कांवरियों से लिया सुविधाओं का फीडबैक
कच्चे कांवरिया पथ पर भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने श्रद्धालु कांवरियों से बातचीत कर प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई जा रही पेयजल, आवासन, शौचालय एवं स्वास्थ्य जैसी सुविधाओं का फीडबैक लिया।
इसके अलावा सभी निजी दुकानों पर निर्धारित मूल्य तालिका यानी रेट चार्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने तथा कांवरिया पथ पर निर्बाध प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि रात में भी श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।
अबरखा टेंट सिटी में सांस्कृतिक कार्यक्रम और भोजन व्यवस्था का जायजा
निरीक्षण के अंतिम चरण में जिलाधिकारी ने अबरखा टेंट सिटी का निरीक्षण किया। यहां पर्यटन एवं कला संस्कृति विभाग की ओर से आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। साथ ही 'जीविका दीदी की रसोई' द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे खान-पान की गुणवत्ता को लेकर भी फीडबैक लिया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बांका जिला प्रशासन कांवरियों की सेवा, सुरक्षा और सुविधा के लिए पूरी तरह तत्पर है। श्रावणी मेला के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Amarpur, Banka | Aug 23, 2026