हजारीबाग नगर निगम ने कचरा फेंकने पर ₹5 हजार जुर्माना लगाया
हजारीबाग: शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए हजारीबाग नगर निगम ने निगरानी और कार्रवाई बढ़ाने की तैयारी की है। बुधवार को नगर निगम की ओर से वार्ड जमादारों, टीपर चालकों और ट्रैक्टर चालकों के साथ बैठक आयोजित की गई जिसमें कचरा उठाव और सफाई व्यवस्था को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने टीपर और ट्रैक्टर चालकों को अपने-अपने क्षेत्र में नियमित रूप से वाहन चलाने और कचरा समय पर उठाने का निर्देश दिया।
नगर निगम ने कहा कि सड़क, नाली या सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और ₹5,000 तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। सफाई कर्मियों को भी जिम्मेदारी के साथ काम करने और आपसी समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया गया। बैठक में सहायक नगर आयुक्त अनिल कुमार पांडेय, सिटी मैनेजर, वार्ड जमादार, टीपर चालक और ट्रैक्टर चालक मौजूद थे।