नाली का पानी रोके जाने से घरों के सामने जलभराव, ग्रामीण महिलाओं ने लगाई न्याय की गुहार
चित्रकूट। राजापुर थाना क्षेत्र के नादिन कुर्मियान गांव में नाली का पानी रोके जाने से ग्रामीणों के घरों के सामने जलभराव की समस्या बनी हुई है। करीब 15 दिनों से गंदे पानी और दुर्गंध से परेशान ग्रामीण महिलाओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समस्या के समाधान की मांग की।
ग्रामीण महिलाओं का आरोप है कि गांव के कुछ लोगों द्वारा नाली से पानी की निकासी बाधित किए जाने के कारण घरों के सामने गंदा पानी जमा है। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी के साथ-साथ गंदगी और दुर्गंध का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जलभराव के कारण एक मकान गिरने का भी दावा किया है।
मामले की जानकारी मिलने पर समाजसेविका अर्चना नितिन उपाध्याय ने पीड़ित महिलाओं से मुलाकात की और गांव पहुंचकर मौके की स्थिति देखी। उन्होंने ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की।
इसके बाद अर्चना नितिन उपाध्याय ने एसडीएम राजापुर पूजा गुप्ता से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराया। एसडीएम ने मामले में जल्द कार्रवाई कर जल निकासी की समस्या दूर कराने का आश्वासन दिया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की स्थलीय जांच कराकर नाली की सफाई और पानी की सुचारु निकासी सुनिश्चित कराने की मांग की है। अब ग्रामीणों को प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार है।