बागेश्वर जिले में लगातार हो रही बारिश अब खतरे की घंटी बनती जा रही है। कपकोट तहसील के रमाड़ी ग्राम पंचायत के मौनधुरा तोक में भारी भूस्खलन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। भूस्खलन के दौरान बड़ी मात्रा में मलबा और चट्टानें नीचे आ गईं। राहत की बात यह है कि इस घटना में कोई जनहानि या मकानों को नुकसान नहीं हुआ, लेकिन कई पेड़-पौधे और वनस्पति नष्ट हो गई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ाने और लोगों की सुरक्षा के लिए तत्काल एहतियाती कदम उठाने की मांग की है। लगातार बारिश को देखते हुए लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की गई है।