#सेवा_संकल्प_अभियान अंतर्गत विकासखंड स्तरीय पुरस्कार कार्यक्रम आयोजित
चित्रकला, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड देकर किया सम्मानित
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत निर्धारित गतिविधि कैलेंडर के अनुसार विकासखंड झाबुआ की जूनियर एवं सीनियर स्तर की शैक्षणिक संस्थाओं में विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से चित्रकला, रंगोली, “मेरे सपनों का भारत” एवं “विजन-2047” विषय पर निबंध एवं भाषण सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। संकुल स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता एवं पुरस्कार कार्यक्रम में सहभागिता की।
विकासखंड स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन नोडल संस्था सांदीपनी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, झाबुआ में किया गया। कार्यक्रम में जूनियर एवं सीनियर वर्ग की विभिन्न विधाओं में संकुल स्तर से चयनित लगभग 180 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डिप्टी कलेक्टर श्री महेश बड़ोले रहे तथा अध्यक्षता संकल्प ग्रुप की अध्यक्ष एवं फाइन आर्ट से जुड़ी श्रीमती भारती सोनी ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
डिप्टी कलेक्टर श्री बड़ोले ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों एवं इसके अंतर्गत आयोजित की जा रही रचनात्मक गतिविधियों के संबंध में अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने विद्यालयों के प्राचार्यों एवं विद्यार्थियों से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जीवन पर आधारित स्क्रिप्ट नाटक तैयार कर उसका मंचन करने का आह्वान किया, जिससे विद्यार्थियों को अपनी अभिनय एवं रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल सके।
कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के मार्गदर्शन में जिले में सेवा संकल्प अभियान के तहत संचालित गतिविधियों तथा सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती सुप्रिया बिसेन द्वारा किए जा रहे विभागीय समन्वय की जानकारी दी गई। साथ ही अभियान के अंतर्गत शैक्षणिक संस्थाओं में आयोजित गतिविधियों एवं उनकी उपलब्धियों से भी उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को अवगत कराया गया।
विकासखंड स्तरीय कार्यक्रम में चयनित 40 छात्र-छात्राओं की जूनियर एवं सीनियर वर्ग में भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसी प्रकार चित्रकला एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों द्वारा तैयार रचनाओं की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसका अतिथियों एवं चयन समिति द्वारा अवलोकन किया गया। चयन समिति ने विभिन्न विधाओं एवं वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों का चयन किया।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 18 छात्र-छात्राओं को विकासखंड स्तर पर प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान कर पुरस्कृत किया गया। वहीं जिले में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्क्रिप्ट नाटक की प्रस्तुति के लिए शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पिटोल की छात्राओं को भी पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि श्री महेश बड़ोले को सेवा संकल्प स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री जय वैरागी ने दिया। इस अवसर पर श्री हरीश कुंडल, श्री अनिल कोठारी सहित विकासखंड झाबुआ के संकुल प्राचार्य, समन्वयक, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समन्वय श्री योगेश्वर कहार द्वारा किया गया तथा सहायक नोडल अधिकारी श्री विनित तिवारी ने कार्यक्रम का संचालन किया। आयोजन को सफल बनाने में श्री राम बिहारी रायपुरिया, श्रीमती सुमन सिंह एवं श्री राजेश तोमर का उल्लेखनीय योगदान रहा।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Department of School Education, Madhya Pradesh #Jhabua #JansamparkMP #SevaSankalpAbhiyan #AshirwadKaDiya
2 views | Jhabua, Madhya Pradesh | Sep 24, 2026