कलेक्टर के निर्देशन में वर्षों पुराना रास्ता विवाद सुलझा
ग्राम खपरिया के एपी टोला में एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर खुलवाया बंद मार्ग,
ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देशन में जनसुनवाई के माध्यम से प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत खपरिया के एपी टोला में वर्षों से लंबित रास्ते के विवाद का सफलतापूर्वक निराकरण किया गया। लंबे समय से मार्ग अवरुद्ध होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार 21 जून 2026 को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री विजय राय राजस्व एवं पुलिस दल के साथ स्वयं मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थल निरीक्षण कर स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित पक्षों से चर्चा की तथा प्रशासनिक सूझबूझ एवं समन्वय से बंद पड़े रास्ते को तत्काल खुलवाया।
इस दौरान ग्राम पंचायत खपरिया के सरपंच एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में लंबे समय से चले आ रहे विवाद का विधिवत समाधान सुनिश्चित किया गया। मार्ग खुलने से एपी टोला के निवासियों को आवागमन की सुविधा पुनः प्राप्त हो गई है, जिससे ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई कर वर्षों पुरानी समस्या का समाधान किए जाने पर संतोष व्यक्त करते हुए कलेक्टर एवं प्रशासनिक अधिकारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मार्ग खुलने से अब दैनिक आवागमन, कृषि कार्यों एवं अन्य आवश्यक गतिविधियों में सुविधा होगी।
कार्यवाही के दौरान नायब तहसीलदार सिवनी मालवा सुश्री पूनम सलामे, ग्राम पंचायत खपरिया के सरपंच श्री मनोज तिवारी, हल्का पटवारी श्री गौरव शर्मा, ग्राम कोटवार सहित पुलिस एवं प्रशासन का संयुक्त दल उपस्थित रहा।
#narmadapuram CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh Department of Agriculture, Madhya Pradesh Department Of Revenue, Madhya Pradesh Panchayat, Rural Development and Social Welfare Department of Madhya Pradesh