टीकमगढ़ में लोकायुक्त का बड़ा ट्रैप: 10 हजार की रिश्वत लेते MPW देशराज घोष रंगे हाथ गिरफ्तार
टीकमगढ़। जिले में शुक्रवार को लोकायुक्त पुलिस सागर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्वास्थ्य विभाग में पदस्थ एमपीडब्ल्यू (MPW) देशराज घोष को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर नौकरी दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता अरविंद राजपूत से आरोपी ने नौकरी लगवाने के एवज में 80 हजार रुपये की मांग की थी। लोकायुक्त से शिकायत के बाद योजना बनाकर कार्रवाई की गई। जैसे ही अरविंद राजपूत ने आरोपी को 10 हजार रुपये की पहली किस्त दी, लोकायुक्त सागर की टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।
बताया जा रहा है कि इस मामले में एक अन्य शिकायतकर्ता नरेंद्र भी है, जिसने आरोप लगाया है कि आरोपी देशराज घोष पहले ही उससे 5 लाख रुपये ले चुका है। इस लेनदेन का वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है। फिलहाल इस पहलू की भी जांच की जा रही है।
लोकायुक्त पुलिस सागर की टीम मौके पर आरोपी से पूछताछ कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है। मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
आरोपी पर लगाए गए आरोपों की जांच जारी है। अंतिम निष्कर्ष जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही सामने आएगा।