रास्ते में चलने को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट, राहुल कुमार पर धारदार हथियार से हमला
अररिया। बौसी थाना क्षेत्र के भरेली गांव में रास्ते पर चलने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना में राहुल कुमार समेत दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान राहुल कुमार के साथ मारपीट करते हुए धारदार हथियार से हमला कर जान से मारने का प्रयास किया गया। आसपास के लोगों के पहुंचने और शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग निकले।
घायल पक्ष का आरोप है कि मारपीट के दौरान करीब सात हजार रुपये और गले से सोने की चेन भी छीन ली गई। साथ ही आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना की सूचना मिलने पर परिजन राहुल कुमार को इलाज के लिए सदर अस्पताल, अररिया लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।
मारपीट में आशीष कुमार, निधि, वासुदेव, इंदु कुमार, रेखा देवी और वंदना देवी समेत अन्य लोगों के घायल होने की बात सामने आई है। दोनों पक्षों का घर भरेली पंचायत के धोबनिया वार्ड नंबर 11 में बताया गया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।