ट्रेफिक एडवाइजरी जरूर ध्यान दे
स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस द्वारा विशेष यातायात प्रबंधन योजना लागू की जाएगी। इसके अंतर्गत दिल्ली की ओर जाने वाले भारी एवं मध्यम मालवाहक वाहनों (HTV, MGV, LGV) तथा इंटरस्टेट बसों के आवागमन पर निर्धारित अवधि के लिए अस्थायी प्रतिबंध लगाया जाएगा।
फुल ड्रेस रिहर्सल के मद्देनजर 12 अगस्त 2026 को रात्रि 08:00 बजे से 13 अगस्त 2026 को दोपहर 01:00 बजे तक दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
इसी प्रकार स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर 14 अगस्त 2026 को रात्रि 08:00 बजे से 15 अगस्त 2026 को कार्यक्रम समाप्ति तक दिल्ली की ओर जाने वाले भारी एवं मध्यम मालवाहक वाहनों तथा इंटरस्टेट बसों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
यह प्रतिबंध बदरपुर बॉर्डर, पल्ला बॉर्डर, करणी सिंह शूटिंग रेंज बॉर्डर, सूरजकुंड बॉर्डर, मांगर चौकी, सीकरी एनएच-19, सेक्टर-30 कट (दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे) सहित सभी दिल्ली सीमावर्ती मार्गों पर प्रभावी रहेगा। यातायात जाम एवं अव्यवस्था से बचने के लिए भारी वाहनों को सीमा क्षेत्र से पूर्व ही निर्धारित वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा।
प्रतिबंध अवधि के दौरान एम्बुलेंस, अग्निशमन सेवा, पुलिस एवं अन्य आपातकालीन सेवा वाहन, दूध, फल, सब्जी एवं आवश्यक खाद्य सामग्री ले जाने वाले वाहन, जीवनरक्षक दवाइयों एवं मेडिकल सप्लाई से संबंधित वाहन, पेट्रोल, डीजल, सीएनजी एवं अन्य ईंधन परिवहन वाहन तथा सक्षम प्राधिकारी द्वारा अनुमत विशेष वाहनों को प्रतिबंध से छूट प्रदान की जाएगी।
फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस द्वारा विभिन्न सीमावर्ती मार्गों एवं नाकाबंदी स्थलों पर विशेष चेकिंग एवं यातायात प्रबंधन किया जाएगा। प्रतिबंधित अवधि के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस परिवहन संचालकों, वाहन मालिकों एवं आमजन से अपील करती है कि वे प्रतिबंधित अवधि एवं वैकल्पिक मार्गों की जानकारी अपने चालकों को पूर्व में ही उपलब्ध कराएं तथा यातायात पुलिस द्वारा जारी निर्देशों का पालन कर स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण बनाने में सहयोग प्रदान करें।
यातायात संबंधी किसी भी प्रकार की सूचना या सहायता के लिए आमजन फरीदाबाद यातायात नियंत्रण कक्ष 0129-2267201 अथवा डायल-112 पर संपर्क कर सकते हैं। साथ ही यातायात से संबंधित शिकायत या सुझाव फरीदाबाद यातायात पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर), फेसबुक एवं इंस्टाग्राम के माध्यम से भी साझा किए जा सकते हैं।