धीरेन्द्र शास्त्री के बिहार आगमन पर भड़के राजद कार्यकता दीपक यादव, कहा - भगवान को बांटने वालों का बिहार में स्वागत नहीं
आमस:- बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री के बिहार आगमन को लेकर सियासत गरमा गई है। राजद नेता दीपक यादव ने उनके बिहार आने पर कड़ी आपत्ति जताई है और उनके बयान को लेकर जमकर निशाना साधा है।
दीपक यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए बयान से करोड़ों लोगों की आस्था आहत हुई है। पहले इंसानों को बांटा गया, अब भगवान को भी बांटा जा रहा है। ऐसे लोगों का बिहार में स्वागत नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि बिहार कृष्ण की धरती है, यहां के लोग भगवान कृष्ण के अपमान को बर्दाश्त नहीं करेंगे। शास्त्री ने माफी मांगने के बाद भी विवाद खत्म नहीं हुआ है, क्योंकि बयान से यादव समाज समेत पूरे सनातन समाज की भावनाएं आहत हुई हैं।
बता दें, दिसंबर में बक्सर में धीरेन्द्र शास्त्री की तीन दिवसीय कथा प्रस्तावित है। इसे लेकर जहां भाजपा नेता और शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा है कि शास्त्री को बिहार आने से कोई नहीं रोक सकता, वहीं राजद लगातार विरोध कर रहा है।
इससे पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी शास्त्री को 'ठगेश्वर' कह चुके हैं और बिहार आने पर सबक सिखाने की बात कह चुके हैं।
Madanpur, Aurangabad | Nov 13, 2026