सहावर को मिलेगी जाम से मुक्ति, करीब 47 करोड़ की लागत से बनेगा नया बाईपास
भारी वाहनों को कस्बे के बाहर से गुजारने की तैयारी, एंबुलेंस और राहगीरों को मिलेगी सुगम आवाजाही
कासगंज। अमांपुर विधानसभा क्षेत्र के सहावर कस्बे में लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या से अब लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। क्षेत्रीय भाजपा विधायक हरिओम वर्मा के प्रयासों से करीब 47 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से नए बाईपास के निर्माण को स्वीकृति मिली है। बाईपास के निर्माण के बाद कस्बे के मुख्य बाजार और अंदरूनी मार्गों पर यातायात का दबाव कम होगा।
सहावर कस्बे के मुख्य मार्गों पर लंबे समय से यातायात का दबाव बना हुआ है। संकरी सड़कों से भारी वाहनों के गुजरने के कारण कई बार घंटों तक जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इसका असर आम राहगीरों के साथ-साथ आपातकालीन सेवाओं पर भी पड़ता है। जाम में एंबुलेंस फंसने से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
नया बाईपास बनने के बाद भारी वाहनों को कस्बे के अंदर से गुजारने के बजाय बाहर से निकाला जाएगा। इससे मुख्य बाजार और कस्बे के अंदरूनी मार्गों पर वाहनों का दबाव कम होने की संभावना है। साथ ही एंबुलेंस, स्थानीय वाहनों और राहगीरों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
बाईपास के निर्माण से सहावर के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों और अन्य शहरों की ओर आने-जाने वाले लोगों के समय और ईंधन की भी बचत होने की उम्मीद है। बेहतर कनेक्टिविटी से स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।
विधायक हरिओम वर्मा की पहल से मिली इस परियोजना को लेकर क्षेत्र के व्यापारियों और आम नागरिकों में खुशी है। लोगों का कहना है कि बाईपास बनने से सहावर की वर्षों पुरानी यातायात समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।