सवाल पूछना पड़ा भारी, सदर अस्पताल में रिपोर्टिंग के दौरान पत्रकार से धक्का-मुक्की, धमकी और अभद्रता का आरोप, बिजली व्यवस्था की जानकारी लेने पर ठेकेदार पर पत्रकार से बदसलूकी का आरोप, नगर थाने में शिकायत दर्ज
कटिहार के सदर अस्पताल में रिपोर्टिंग के दौरान एक पत्रकार के साथ कथित रूप से धक्का-मुक्की, धमकी और अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। घटना 16 जुलाई की दोपहर करीब तीन बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, अस्पताल में लंबे समय से बिजली आपूर्ति बाधित होने की सूचना मिलने पर पत्रकार अस्पताल पहुंचे थे। उस समय अस्पताल के कई हिस्सों में अंधेरा पसरा हुआ था और मरीजों व उनके परिजनों ने बिजली नहीं रहने से हो रही परेशानी की शिकायत की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौके पर मौजूद एक ठेकेदार से पत्रकार ने केवल यह पूछा कि अस्पताल में बिजली कब से बाधित है। आरोप है कि इतना पूछते ही ठेकेदार भड़क गए और पत्रकार के साथ धक्का-मुक्की करने लगे। आरोप है कि उन्होंने पत्रकार को पकड़कर अपने साथ ले जाने की कोशिश की तथा समाचार प्रसारित करने पर मुकदमा करने की धमकी भी दी। मामला यहीं नहीं रुका। आरोप है कि ठेकेदार ने मौके पर मौजूद कैमरामैन की ओर भी आक्रामक रुख अपनाया और कैमरा छीनने अथवा क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कथित रूप से ठेकेदार पत्रकारों से उलझते और धमकी देते दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित पत्रकार ने इस संबंध में नगर थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि घटना के दौरान उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया और पेशेवर कार्य में बाधा पहुंचाई गई। इस घटना के बाद यह सवाल भी उठने लगा है कि आखिर सरकारी अस्पताल परिसर में एक ठेकेदार का व्यवहार इतना आक्रामक क्यों था। मामले की निष्पक्ष जांच के साथ-साथ संबंधित ठेकेदार द्वारा अस्पताल में की जा रही सामग्री आपूर्ति और कार्यों की भी जांच कराने की मांग उठ रही है, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।