राज्य स्तरीय वेटलिफ्टिंग में पीलीबंगा की बेटियों का दबदबा: 3 छात्राओं ने जीते रजत पदक; कस्बे में भव्य स्वागत, निकाला विजय जुलूस
लालबहादुर भाखर #लालबहादुर_भाखर #RajasthanNews #hanumangarh #pilibanganews
पीलीबंगा (हनुमानगढ़)। स्थानीय राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने खेल जगत में पीलीबंगा सहित समूचे जिले का नाम रोशन किया है। जिला स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर अपना परचम लहराने के बाद इन बेटियों ने राज्य स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
शारीरिक शिक्षक सुभाष चंद्र सुथार ने जानकारी देते हुए बताया कि एसएमएस स्कूल एवं स्पोर्ट्स अकैडमी, उदयपुरवाटी (झुंझुनूं) में आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में विद्यालय की चार छात्राओं ने भाग लिया था। 17 वर्ष आयु वर्ग में भावना (69 किग्रा भार वर्ग), याचिका (63 किग्रा भार वर्ग) और दीपिका (53 किग्रा भार वर्ग) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक (सिल्वर मेडल) हासिल किए। वहीं 19 वर्ष आयु वर्ग में छात्रा सुषमा ने 63 किलोग्राम भार वर्ग में कड़ा मुकाबला पेश करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कस्बे में गूंजे जयकारे, बाजार से निकला विजय जुलूस
प्रतियोगिता संपन्न होने के बाद पदक विजेता छात्राओं के पीलीबंगा पहुंचने पर रेलवे स्टेशन पर उनका भव्य स्वागत किया गया। विद्यालय परिवार एवं कस्बेवासियों ने होनहार बेटियों को साफा व माला पहनाकर तथा मुंह मीठा कराकर बधाई दी। इसके बाद स्टेशन से मुख्य बाजार होते हुए विद्यालय परिसर तक गाजे-बाजे के साथ भव्य विजय जुलूस निकाला गया, जहां नागरिकों ने भी छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।
विद्यालय में सम्मान समारोह, स्टाफ ने की सराहना
जुलूस के विद्यालय पहुंचने पर समस्त स्टाफ द्वारा विशेष सम्मान समारोह का आयोजन कर छात्राओं का अभिनंदन किया गया और उपस्थित सभी लोगों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती विनोद कुमारी, उप प्रधानाचार्य श्रीमती सुप्रीत कौर सहित व्याख्याता ओमप्रकाश, सतपाल रोज, रिंपल गोयल, सीमा अरोड़ा, रितु स्वामी, सुभाष चंद्र, कमलेश रानी, कर्मजीत कौर, सुषमा रानी, महावीर सिहाग, बबीता चौधरी, विकास तथा बड़ी संख्या में अभिभावक व ग्रामीण मौजूद रहे। संस्था प्रधान ने इस उपलब्धि को विद्यालय व क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक बताते हुए छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Pilibanga, Hanumangarh | Oct 3, 2026