भोजपुर के आरा में अपराधियों का मनोबल एक बार फिर देखने को मिला है। बेटी को स्कूल छोड़कर दूध लेकर घर लौट रहे एक शिक्षक को बाइक सवार बदमाशों ने निशाना बनाया। बदमाशों ने शिक्षक के गले से सोने की चेन छीनने की कोशिश की। इस दौरान शिक्षक ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया, तो अपराधियों ने उन पर फायरिंग करने की कोशिश की। हालांकि, गोली नहीं चलने से शिक्षक बाल-बाल बच गए।
घटना नवादा थाना क्षेत्र के गायत्री होटल के सामने की बताई जा रही है। पीड़ित शिक्षक की पहचान 38 वर्षीय सुनील पांडेय के रूप में हुई है। वह नवादा थाना क्षेत्र के डीएस कोठी, वार्ड नंबर 14 के रहने वाले हैं और शाहपुर के धौरी रक्सौल टोला स्थित विद्यालय में शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है