सिसवा में दर्दनाक हादसा: निर्माणाधीन पोखरे में डूबने से तीन मासूमों की मौत, इलाके में पसरा मातम
सिसवा बाजार/महराजगंज। निचलौल तहसील के कोठीभार थाना क्षेत्र अंतर्गत पोखरा टोला (वार्ड नंबर 25, मीराबाई नगर) में रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया। निर्माणाधीन पोखरे में नहाने गए चार बच्चों में से तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई, जबकि एक बच्चा सुरक्षित बाहर निकल आया।
घटना की सूचना मिलते ही कोठीभार पुलिस, परिजन और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद तीनों बच्चों को पोखरे से बाहर निकालकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिसवा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृत बच्चों की पहचान नीतीश यादव (14 वर्ष), रोहन (13 वर्ष) और कृष्णा रौनियार (15 वर्ष) के रूप में हुई है। हादसे के बाद पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
ईश्वर दिवंगत बच्चों की आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवारों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति दें।
#महराजगंज #सिसवा #पोखरा