#गाजीपुर में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग, दो युवक घायल
दूल्हे के बड़े भाई ने लाइसेंसी बंदूक से की फायरिंग, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर बंदूक की जब्त
गाजीपुर। मरदह थाना क्षेत्र के दुरकुसी गांव में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग का मामला सामने आया है। बारात में दूल्हे के बड़े भाई ने अपनी लाइसेंसी 12 बोर की डबल बैरल बंदूक से कथित तौर पर लापरवाहीपूर्वक फायरिंग कर दी। इस घटना में छर्रे लगने से दो युवक घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, 12 और 13 नवंबर की मध्यरात्रि दुरकुसी गांव में बारात आई थी। इसी दौरान दूल्हे के बड़े भाई मनोज (40 वर्ष), जो भारतीय सेना में हवलदार के पद पर तैनात हैं, ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से हर्ष फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान निकले छर्रे लगने से सौरभ (20 वर्ष) और टिंकू (18 वर्ष) घायल हो गए। एक युवक की कमर और दूसरे के हाथ में छर्रे लगे हैं।
दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल मऊ भेजा गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी मनोज को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उसकी लाइसेंसी बंदूक भी कब्जे में ले ली है। मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने के लिए भी रिपोर्ट भेजी जा रही है #GhazipurNews #BreakingNews
Sevrai, Ghazipur | Nov 13, 2026