205 जोड़े बने जीवनसाथी, सामूहिक विवाह में गूंजे मंगलगीत
--28 का निकाह, 177 का विवाह संपन्न, वैदिक रीति-रिवाजों के साथ हुआ आयोजन
शाहजहाँपुर। खिरनीबाग रामलीला मैदान में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में 205 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। इनमें 28 जोड़ों का निकाह, 177 जोड़ो का विवाह संपन्न कराया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश पूजन के साथ हुआ और वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार सभी विवाह विधि-विधान के साथ सम्पन्न कराए गए।शासन की ओर से नवदम्पतियों को निर्धारित 25 प्रकार के उपहार वितरित किए गए। आयोजन स्थल को आकर्षक साज-सज्जा से सजाया गया था तथा बारिश से बचाव के लिए वाटरप्रूफ टेंट की व्यवस्था की गई थी। मंडप के पास अग्निशमन यंत्र भी रखे गए थे। बारातियों और परिजनों की सुविधा के लिए मेडिकल कैम्प भी लगाया गया। कार्यक्रम स्थल पर लगातार मंगलगीतों की ध्वनि गूंजती रही। इस अवसर पर वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने नवदम्पतियों को आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम में सांसद अरुण कुमार सागर, जिला पंचायत प्रशासक ममता यादव, महापौर अर्चना वर्मा, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष डीपीएस राठौर, पूर्व ब्लॉक प्रमुख क्षमा वर्मा, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, एसपी सौरभ दीक्षित, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, सीडीओ उत्कर्ष द्विवेदी, सिटी मजिस्ट्रेट रजनीकांत, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, सीओ सिटी देवव्रत बाजपेई, पीडीडीआरडीए अवधेश राम, समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।हालांकि, भव्य आयोजन के बीच व्यवस्थाओं की कमी भी देखने को मिली। भीषण गर्मी के कारण बाराती और परिजन परेशान नजर आए और हाथ से पंखा झलते दिखे। वहीं भोजन स्थल पर गंदगी दिखाई दी और कई बाराती जमीन पर बैठकर भोजन करते नजर आए।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में नवविवाहित जोड़ों को मिले यह उपहार:
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रत्येक नवविवाहित जोड़े पर 1 लाख खर्च किए गए। इसमें 64 हजार की धनराशि कन्या के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी। 21 हजार की लागत से गृहस्थी का सामान भेंट किया गया, जबकि 15 हजार विवाह समारोह के आयोजन, भोजन, पंडाल, पेयजल, बिजली व अन्य व्यवस्थाओं पर खर्च किए गए। उपहार में 5 साड़ियां (ब्लाउज सहित), 5 पेटीकोट, चुनरी, पैंट-शर्ट का कपड़ा, फेंटा, गमछा, डिनर सेट, कुकर, कढ़ाही, ट्रॉली बैग, वैनिटी किट, दीवार घड़ी, सीलिंग फैन, कूल केज, आयरन, डबल बेड चादर, दो कंबल, दो गद्दे, दो तकिए, सिन्होरा, दो दर्जन लाल कांच की चूड़ियां, चार कंगन, लड्डू, ड्राई फ्रूट्स तथा पगड़ी,सेहरा दिया गया।
वर्ष 2017 से जनवरी 2026 तक मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जनपद में 10,933 जोड़ों का सामूहिक विवाह कराया जा चुका है। इनमें नगर विधानसभा क्षेत्र के 1,862 जोड़ों का विवाह भी शामिल है। वही, 12 जुलाई 2026 को खिरनीबाग में आयोजित समारोह में 205 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न कराया गया।
राजेश कुमार शर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी
Shahjahanpur, Shahjahanpur | Jul 12, 2026