कांवड़ यात्रा को लेकर सोरों कोतवाली में पीस कमेटी की बैठक, जाम और अतिक्रमण पर उठे अहम मुद्दे
श्रावण मेले की व्यवस्थाओं पर प्रशासन ने लिए सुझाव, तीर्थ पुरोहितों व व्यापारियों ने सुचारु यातायात और अतिक्रमण हटाने की उठाई मांग
सोरों (कासगंज)। श्रावण मास में आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा एवं मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को सोरों कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी (एसडीएम) हर्षिता देवड़ा ने की। इस दौरान क्षेत्राधिकारी सदर आंचल चौहान, अधिशासी अधिकारी तथा पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, तीर्थ पुरोहितों, व्यापारियों और गोताखोरों से व्यवस्थाओं को लेकर सुझाव लिए।
बैठक में क्षेत्राधिकारी आंचल चौहान ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारु यातायात और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी से सहयोग की अपील करते हुए सुझावों के आधार पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया।
बैठक के दौरान स्थानीय तीर्थ पुरोहित एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष आदित्य काकोरिया ने मुख्य बाजार और कांवड़ मार्ग पर लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए प्रभावी यातायात व्यवस्था लागू करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि मुख्य बाजार में दुकानदारों द्वारा किए गए फुटपाथ अतिक्रमण को श्रावण मास से पूर्व हटाया जाए, ताकि श्रद्धालुओं और कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। अन्य स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से अतिक्रमण हटाने और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रभारी निरीक्षक लोकेश भाटी ने व्यापारियों, गोताखोरों एवं अन्य उपस्थित लोगों से कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर सुझाव प्राप्त किए और सभी से आपसी सहयोग एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
बैठक में आदित्य काकोरिया, हेमंत त्रिगुणायत, आशुतोष तिवारी, अभिषेक वशिष्ठ, गोविंद तिवारी, गोविंद महेरे, विकास निर्भय, पूर्व सभासद महेंद्र कश्यप, बबलू पंडित, लाला फ़र्सीवार, सभासद पवनेश सक्सेना, सुधांशु भारद्वाज सहित अनेक जनप्रतिनिधि, व्यापारी, तीर्थ पुरोहित एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।