पंचायतीराज चुनाव से पहले बाड़मेर में भाजपा का अल्पसंख्यक संपर्क अभियान, CM भजनलाल शर्मा ने बाछड़ाऊ में की विशेष बैठक
पूर्व मंत्री अशरफ अली की नेतृत्व में अल्पसंख्यकों की अहम बैठक हुई
बाड़मेर। आगामी पंचायतीराज चुनावों से पहले बाड़मेर में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में भाजपा की ओर से अल्पसंख्यक समुदाय के बीच संपर्क और संवाद बढ़ाने की कवायद नजर आ रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बाछड़ाऊ गांव में अल्पसंख्यक समुदाय के मौजिज लोगों के साथ विशेष बैठक कर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक में बाड़मेर के साथ-साथ जैसलमेर और बालोतरा क्षेत्र से भी अल्पसंख्यक समुदाय के प्रमुख लोगों के शामिल होने की बात सामने आई है। पूर्व मंत्री असरफ अली की अगुवाई में बड़ी संख्या में समुदाय के मौजिज लोगों ने मुख्यमंत्री के साथ संवाद किया। बैठक में स्थानीय स्तर की समस्याओं, विकास कार्यों और आगामी राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर चर्चा होने की बात कही जा रही है।
बाड़मेर, जैसलमेर और बालोतरा में अल्पसंख्यक मतदाताओं की मौजूदगी को देखते हुए पंचायत चुनाव से पहले इस तरह के संवाद को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा की ओर से अलग-अलग सामाजिक वर्गों के बीच संपर्क बढ़ाने और उन्हें पार्टी से जोड़ने की कवायद लगातार जारी है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का बाछड़ाऊ दौरा भी पंचायतीराज चुनावों की तैयारियों के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री यहां जनसभा के साथ विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में भी शामिल हुए।
ऐसे में अल्पसंख्यक समुदाय के प्रमुख लोगों के साथ हुई यह बैठक पश्चिमी राजस्थान की आगामी पंचायत राजनीति में भाजपा की सामाजिक पहुंच बढ़ाने की कोशिश के तौर पर देखी जा रही है। बैठक के जरिए भाजपा ने बाड़मेर सहित जैसलमेर और बालोतरा क्षेत्र के अल्पसंख्यक समुदाय तक सीधे संवाद का संदेश देने का प्रयास किया है।
Barmer, Barmer | Sep 30, 2026