भारतीय फुटबॉल के दिग्गज खिलाड़ी सुनील छेत्री के जन्मदिन के अवसर पर मुंगेर जिला प्रशासन की पहल पर तीन दिवसीय 5-A-Side फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन पोलो मैदान स्थित टर्फ ग्राउंड में किया जा रहा है। खेल भावना को प्रोत्साहित करने तथा युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता का आयोजन लगातार तीन दिनों तक प्रतिदिन संध्या 7:00 बजे से होगा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर स्वयं भी खिलाड़ियों के साथ मैदान में उतरकर मैच खेलेंगे। साथ ही वे प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए युवाओं को नियमित खेल गतिविधियों से जुड़ने का संदेश देंगे।
जिला प्रशासन का मानना है कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और सकारात्मक जीवनशैली विकसित करने का सशक्त साधन है। इसी उद्देश्य से इस विशेष फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने जिले के खेल प्रेमियों, युवाओं एवं नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पोलो मैदान स्थित टर्फ ग्राउंड पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें तथा इस खेल महोत्सव को सफल बनाने में अपनी सहभागिता निभाएं।
Munger, Munger | Aug 4, 2026