
बड़हिया स्टेशन पर यात्री सुरक्षा अभियान के तहत चोर गिरफ्तार, चोरी के सोने के जितिया व मोबाइल बरामद
ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत जीआरपी बरहिया ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को चोरी के सोने के जितिया और मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया। बरहिया कैंपिंग स्टाफ के प्रधान आरक्षी अजय कुमार सिंह एवं आरक्षी अफजल अली के नेतृत्व में स्टेशन परिसर में चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के दौरान सुबह करीब 10:50 बजे एक संदिग्ध युवक को पकड़ा गया।
पूछताछ के दौरान युवक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और न ही यात्रा संबंधी कोई टिकट दिखा पाया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक चोरी का सोने का जितिया और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने चलती ट्रेन में एक महिला यात्री से उक्त सामान चोरी किया था।
पुलिस ने मौके पर जब्ती सूची तैयार कर सामान जब्त किया तथा 19 वर्षीय अभियुक्त आयुष कुमार (पिता– अजय कुमार), निवासी ग्राम बाढ़ ढेलवा गोसाई, थाना बाढ़, जिला पटना को गिरफ्तार कर लिया।
महिला यात्री बैगिया देवी की लिखित शिकायत के आधार पर जीआरपी बरहिया थाना में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। बरामद चोरी के सामान की अनुमानित कीमत करीब ₹50,000 बताई गई है।