
अनधिकृत आधार सेवा केंद्र पर कार्रवाई, बीडीओ ने हटवाया बैनर
हसपुरा बाजार के ग्रीन हाउस मार्केट में बीडीओ ने दी कड़ी चेतावनी
हसपुरा बाजार के कनाप रोड स्थित ग्रीन हाउस मार्केट में कथित तौर पर अनधिकृत तरीके से संचालित किए जा रहे आधार सेवा केंद्र के खिलाफ शुक्रवार को प्रशासन ने कार्रवाई की। बीडीओ पंकज कुमार ने मौके पर पहुंचकर आधार सेवा केंद्र का बैनर हटवाया और संचालक को स्पष्ट चेतावनी दी कि अधिकृत व्यवस्था के बाहर आधार से संबंधित कार्य करने की अनुमति नहीं है।
बताया गया कि ग्रीन हाउस मार्केट स्थित एक सीएससी सेंटर में आधार कार्ड बनाने सहित आधार से जुड़े अन्य कार्य किए जाने और इसके एवज में लोगों से अधिक राशि वसूले जाने की शिकायत मिली थी। शिकायत के बाद शुक्रवार दोपहर बीडीओ पंकज कुमार मौके पर पहुंचे। उस समय सेंटर में एक युवक एक महिला का आधार संबंधी कार्य कर रहा था।
बीडीओ ने युवक से आधार सेवा से संबंधित जानकारी और अधिकृत अनुमति के बारे में पूछताछ की, लेकिन वह स्पष्ट जवाब नहीं दे सका। मौके पर मौजूद 20 सूत्री प्रखंड अध्यक्ष चंद्रकांत मुन्ना एवं रालोमो प्रखंड अध्यक्ष श्रीकांत वर्मा ने भी अपना परिचय दिया। इसके बाद युवक ने सेंटर के अंदर लगा आधार सेवा केंद्र का बैनर तत्काल हटाना शुरू कर दिया।
बीडीओ ने युवक को निर्देश दिया कि सेंटर पर आधार से संबंधित कार्य न किया जाए। उन्होंने महिला को बताया कि प्रखंड कार्यालय परिसर में सरकार द्वारा अधिकृत आधार सेवा केंद्र संचालित है, जहां आधार से संबंधित कार्य कराया जा सकता है।
बीडीओ ने स्पष्ट किया कि अनधिकृत तरीके से आधार सेवा के नाम पर कार्य करने अथवा लोगों से राशि वसूलने की शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
#BharatCrimeLiveNews #हसपुरा #हसपुरा_बाजार #आधार_सेवा_केंद्र #आधार_कार्ड #प्रशासनिक_कार्रवाई #बीडीओ_पंकज_कुमार #ग्रीन_हाउस_मार्केट #औरंगाबाद #बिहार_न्यूज #स्थानीय_समाचार #Bharatcrimelivenews