
मध्य प्रदेश के विंध्य क्षेत्र के लिए गर्व की खबर है। सतना की विज्ञान शिक्षिका डॉ. अर्चना शुक्ला का चयन राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए हुआ है। वर्तमान में वह भोपाल के शासकीय सांदीपनि महात्मा गांधी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, भेल में पदस्थ हैं। शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करेंगे।
डॉ. अर्चना शुक्ला का सतना से खास जुड़ाव रहा है। वह सतना में ही पली-बढ़ीं और अपनी पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र को अपना कार्यक्षेत्र बनाया और अब भोपाल में विद्यार्थियों को विज्ञान पढ़ा रही हैं। उनकी इस उपलब्धि से सतना समेत पूरे मध्य प्रदेश में खुशी का माहौल है।
पिछले 16 वर्षों से शासकीय विद्यालयों में सेवाएं दे रहीं डॉ. शुक्ला ने प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग और नवाचार के जरिए विज्ञान शिक्षण को नई दिशा दी। उन्होंने छात्रों को गौरैया संरक्षण, बीज संरक्षण, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण जैसे विषयों पर शोध के लिए प्रेरित किया।
उनके विद्यार्थियों ने 5 हजार से अधिक पेड़ों पर QR कोड लगाने समेत कई अनूठे प्रोजेक्ट तैयार किए। उनके प्रोजेक्ट अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी प्रस्तुत हो चुके हैं। डॉ. शुक्ला को पहले भी कई प्रतिष्ठित पुरस्कार मिल चुके हैं।
#NationalTeacherAward #TeacherAward2026 #BhopalNews #SatnaNews #MadhyaPradesh