
बड़ागुड़ा थाना पुलिस ने लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपी चंद घंटों में दबोचे, पूछताछ में लूटी गई राशि व मोटरसाइकिल बरामद ।
सिरसा...... पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देशानुसार जिला पुलिस द्वारा संपत्ति विरुद्ध अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ागुड़ा थाना पुलिस ने सराहनीय कार्रवाई करते हुए लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।इस संबंध में जानकारी देते हुए थाना बड़ागुड़ा प्रभारी सब इंस्पेक्टर लाभ सिंह ने बताया कि गांव बड़ागुड़ा निवासी ओमप्रकाश पुत्र गेजा सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 20 हजार रुपये लेकर खरीदारी के लिए कालांवाली की ओर जा रहा था। दोपहर करीब 3 बजे गांव बड़ागुड़ा के पास सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक उसके पास आए। मोटरसाइकिल के पीछे बैठे युवक ने उसकी कमर पर डंडे से वार किया तथा उसकी पैंट की जेब से नकदी छीनकर फरार हो गए। घटना के दौरान कुछ रुपये जमीन पर गिर गए, जबकि आरोपी 9,250 रुपये की राशि लेकर मौके से भाग निकले। शिकायत के आधार पर थाना बड़ागुड़ा में लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने गुप्त सूचनाओं के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों बंसी लाल पुत्र टेहला राम तथा गुरमीत सिंह उर्फ खालसा पुत्र बोगा सिंह, निवासी गांव भंगू, जिला सिरसा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई 9,200 रुपये की नकदी तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों का अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है ।
Dabwali, Sirsa | Jun 21, 2026