
मां की मेहनत और त्याग का #कर्ज शायद कभी पूरी तरह नहीं चुकाया जा सकता, लेकिन एक बेटे ने अपनी मां को ऐसा तोहफा दिया जिसने लाखों लोगों को भावुक कर दिया। करीब 10 साल तक जिस घर में मां घरेलू सहायक के रूप में सफाई का काम करती रहीं, उसी घर की चाबी एक दिन बेटे ने उनके हाथों में थमा दी। यह पल सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रहा है।
वायरल वीडियो में बेटा अपनी #मां को उस घर के बाहर लेकर जाता है, जहां उन्होंने वर्षों तक काम किया था। पहले तो मां को कुछ समझ नहीं आता, लेकिन जैसे ही बेटा उनके हाथ में घर की चाबी रखकर बताता है कि अब यह घर उनका अपना है, वह भावुक हो जाती हैं। उनकी आंखों से खुशी के आंसू बहने लगते हैं और वह बेटे को गले लगा लेती हैं। वहां मौजूद लोग भी इस भावुक पल के गवाह बनते हैं।
बताया गया है कि इस सपने को पूरा करने में हाउसिंग प्लेटफॉर्म #Housiey ने भी सहयोग किया। हालांकि, लोगों का कहना है कि इस कहानी की सबसे बड़ी ताकत किसी ब्रांड का नाम नहीं, बल्कि एक बेटे का अपनी मां के संघर्ष, मेहनत और त्याग के प्रति सम्मान है।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हजारों लोग मां-बेटे के इस रिश्ते की सराहना कर रहे हैं। कई यूजर्स ने लिखा कि जिंदगी की सबसे बड़ी सफलता वही है, जब इंसान अपने माता-पिता के अधूरे सपनों को पूरा कर सके।
यह कहानी केवल एक घर खरीदने की नहीं, बल्कि उस मां के संघर्ष को सलाम करने की है, जिसने वर्षों तक दूसरों के घर संवारकर अपने परिवार का भविष्य बनाया और आखिरकार उसी घर की मालकिन बन गई, जहां कभी वह काम करने जाया करती थीं।
Gormi, Bhind | Aug 4, 2026