
ऑपरेशन ‘अमानत’ के तहत RPF भोजूडीह की सराहनीय कार्रवाई, 14 लाख के आभूषणों से भरा ट्रॉली बैग लौटाया
////
भोजूडीह। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पोस्ट भोजूडीह की टीम ने ऑपरेशन ‘अमानत’ के तहत तत्परता दिखाते हुए ट्रेन में छूटे ट्रॉली बैग को सुरक्षित बरामद कर उसके वास्तविक स्वामी को सौंप दिया। बैग में लगभग 14 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण रखे हुए थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 12815 नंदन कानन एक्सप्रेस के कोच A-2 की बर्थ संख्या 3, 4 एवं 6 के पास एक ट्रॉली बैग छूट गया था। इस संबंध में SCNL/आद्रा के माध्यम से रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर शिकायत प्राप्त हुई। शिकायत मिलते ही ड्यूटी पर तैनात ASI आर.पी. यादव, HC ललिता कुमारी एवं CT लता कुमारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित कोच की जांच की और ट्रॉली बैग को सुरक्षित बरामद कर लिया।
बरामद बैग में तीन सोने की चेन, एक नेकलेस, एक जोड़ी कान की बालियां, चार अंगूठियां, एक सेट ब्रेसलेट, एक जोड़ी चांदी की पायल सहित अन्य आभूषण थे। इनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 14 लाख रुपये बताई गई है।
आवश्यक सत्यापन एवं दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद RPF टीम ने बैग को उसके वास्तविक स्वामी आशीष कुमार प्रधान, निवासी सेकबार्ड, जलेश्वर, बालेश्वर, ओडिशा को सुपुर्द कर दिया।
अपना कीमती सामान सुरक्षित वापस मिलने पर आशीष कुमार प्रधान ने रेलवे सुरक्षा बल की तत्परता, ईमानदारी एवं समर्पित सेवा की सराहना की। RPF भोजूडीह की इस कार्रवाई से यात्रियों के सामान की सुरक्षा के प्रति रेलवे सुरक्षा बल की प्रतिबद्धता एक बार फिर सामने आई।