
पुलिस कार्रवाई के बीच संजय यदुवंशी का बड़ा बयान—“मैं सुल्तानपुर आ गया हूं, बताइए कहां पेश होना है”
सुल्तानपुर। अवधी गायक और सोशल मीडिया पर चर्चित संजय यदुवंशी के घर सोमवार देर रात पुलिस की दबिश के बाद मामला तूल पकड़ता नजर आ रहा है। पुलिस के मुताबिक, संजय यदुवंशी एक दर्ज मुकदमे में वांछित हैं और उनकी तलाश में धम्मौर पुलिस ने उनके घर पर दबिश दी थी।
पुलिस कार्रवाई के बाद संजय यदुवंशी ने सोशल मीडिया पर बयान जारी करते हुए कहा कि “मैं इलाहाबाद से सुल्तानपुर आ गया हूं। सुल्तानपुर पुलिस प्रशासन बताए कि मुझे कहां पेश होना है और किस धारा में मेरी गिरफ्तारी है। मेरे ऊपर कार्रवाई कीजिए, मुझे मंजूर है।”
उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए अपने खिलाफ जारी नोटिस दिखाने की मांग की और कहा कि “कार्यवाही अंग्रेजों पर भी होनी चाहिए? इस बार शांत नहीं बैठूंगा।” उन्होंने आगे कहा कि मामला हाईकोर्ट से लेकर उनकी क्षमता के अनुसार हर स्तर तक जाएगा।
वहीं पुलिस का कहना है कि कोतवाली नगर में एक युवक के साथ मारपीट और जानलेवा हमले के आरोप में मुकदमा दर्ज है, जिसमें संजय यदुवंशी समेत अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार इसी मामले की विवेचना के तहत उनकी तलाश की जा रही है।
फिलहाल संजय यदुवंशी के बयान के बाद यह मामला और चर्चा में आ गया है। अब देखना होगा कि वह पुलिस के सामने कब पेश होते हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई किस दिशा में बढ़ती है।
#SanjayYaduvanshi #संजय_यदुवंशी #Sultanpur #सुल्तानपुर #AwadhiSinger #UPNews