
'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान: कासगंज न्यायालय परिसर में हुआ वृहद वृक्षारोपण, न्यायाधीशों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कासगंज। माननीय उच्च न्यायालय, इलाहाबाद के आदेश एवं जनपद न्यायाधीश रामेश्वर के निर्देशन में रविवार को जनपद न्यायालय कासगंज परिसर में 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान न्यायालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश रामेश्वर ने पौधारोपण कर किया। इसके बाद प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय कृष्ण यादव, पीठासीन अधिकारी मोटर दुर्घटना प्रतिकर अधिकरण हरविन्दर सिंह, अपर जिला जज प्रथम रत्नेश कुमार श्रीवास्तव, विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी जेबा मजीद, विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट धनंजय कुमार मिश्रा, अपर जिला जज एफटीसी-1 अनुतोष कुमार शर्मा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट खान जीशान मसूद, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शालिनी विधेय सहित अन्य न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अधिवक्ताओं ने भी पौधारोपण किया।
इस अवसर पर न्यायालय परिसर में अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के लिए वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है तथा प्रत्येक व्यक्ति को इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।