
रिश्ते शर्मसार : पांच वर्षीय बच्ची की मौत के बाद मामा गिरफ्तार, जांच में जुटी पुलिस
निरसा थाना क्षेत्र अंतर्गत रामकनाली पंचायत के मालिकडीह गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। पांच वर्षीय एक बच्ची की मौत के बाद पुलिस ने उसके सगे मामा को गिरफ्तार किया है। घटना को लेकर क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्ची के सगे मामा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मामले में दुष्कर्म की आशंका को लेकर भी जांच की जा रही है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल जांच एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने दोषी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने कहा है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस मामले से जुड़े सभी तथ्यों को एकत्र कर रही है और जल्द ही विस्तृत जानकारी सामने आने की संभावना है। News Nirsa