
मोकामा में ट्रेन से मोबाइल झपटमारी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़,
बाढ़-मोकामा रेलखंड पर यात्रियों के लिए आतंक का पर्याय बने एक शातिर झपटमार गिरोह का मोकामा रेल पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को लूटे गए मोबाइल के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
यह पूरी कार्रवाई गुरुवार को हुई एक वारदात के बाद अमल में लाई गई। जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह मोर और बरहपुर स्टेशनों के बीच कंहाईपुर निवासी एक यात्री राजकुमार चलती ट्रेन से सफर कर रहे थे। इसी दौरान घात लगाए अपराधियों ने उन पर लाठी से जानलेवा हमला कर दिया और उनका मोबाइल झपटकर फरार हो गए। पीड़ित यात्री राजकुमार ने तुरंत इसकी शिकायत मोकामा रेल पुलिस से की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मोकामा रेल थानाध्यक्ष नीतीश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी अनुसंधान का सहारा लेते हुए सबसे पहले सुबोध कुमार नाम के एक आरोपी को दबोचा। पुलिसिया पूछताछ में सुबोध ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और उसकी निशानदेही पर बरहपुर निवासी हरेन्द्र बिन्द के घर पर छापेमारी की गई। हरेन्द्र के घर से पुलिस ने राजकुमार का लूटा हुआ मोबाइल क्षतिग्रस्त अवस्था में बरामद कर लिया, जिसके बाद हरेन्द्र को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
खिड़की के पास बैठने वाले यात्री थे मुख्य निशाना
मोकामा रेल थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पूछताछ में यह बात सामने आई कि इस गिरोह का मुख्य टारगेट बरहपुर और मोर स्टेशनों के बीच का इलाका था।
अपराध का तरीका: गिरोह के सदस्य रेल पटरियों के किनारे छिपकर बैठते थे। जैसे ही ट्रेन धीमी होती, वे खिड़की के पास बैठे यात्रियों को लाठी-डंडे से मारकर घायल कर देते थे और उनके हाथ से मोबाइल या बैग छीनकर झाड़ियों का फायदा उठाकर भाग जाते थे।
इस बड़ी कामयाबी के बाद रेल थानाध्यक्ष ने यात्रियों को भरोसा दिलाया है कि बाढ़-मोकामा रेलखंड पर सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है तथा संवेदनशील इलाकों में रेल पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। रेल पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से रेल यात्रियों ने राहत की सांस ली है और स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की तत्परता की जमकर सराहना की है।
#Mokama
Mokameh, Patna | Jul 3, 2026