
एवीटी स्टाफ हथीन टीम ने मोटरसाइकिल चोरी मामले में आरोपी धरा, चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद।
Aonenews अरविन्द बक्शी
पलवल: पुलिस अधीक्षक पलवल दीप्ति गर्ग, आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन में अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पलवल पुलिस की एंटी व्हीकल थेफ्ट (एवीटी) स्टाफ हथीन टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरीशुदा मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। आरोपी की पहचान खालीद उर्फ खल्ली पुत्र शहीद, निवासी सालाका, थाना तावडू, जिला नूहं के रूप में हुई है।
एवीटी स्टाफ हथीन प्रभारी P/SI तेजपाल सिंह ने बताया कि दिनांक 12 अक्टूबर 2026 को कुलदीप चौहान निवासी गांव मित्रौल, जिला पलवल ने थाना मुंडकटी में शिकायत दर्ज कराई थी कि दिनांक 10 अक्टूबर 2026 की सुबह वह अपनी मोटरसाइकिल (मार्का हीरो स्पलेंडर, नंबर UP85B0 2358) पर दौड़ का अभ्यास करने के लिए अपने घर से सरकारी स्कूल के पास सर्विस रोड पर गया था। उसने अपनी मोटरसाइकिल बस अड्डे के पास दुकान के सामने खड़ी की थी, जिसे कोई अज्ञात चोर चोरी करके ले गया। इस शिकायत के आधार पर थाना मुंडकटी में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मामले में एवीटी स्टाफ हथीन के प्रधान सिपाही मुनफैद ने तफ्तीश के दौरान दिनांक 14 अक्टूबर 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए हथीन-उटावड़ रोड बाईपास से आरोपी को काबू किया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान खालीद उर्फ खल्ली उपरोक्त के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल (मार्का हीरो स्पलेंडर) बरामद कर ली है।
आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग, आईपीएस ने कहा कि जिले में आपराधिक गतिविधियों और वाहन चोरी में संलिप्त तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। आमजन से भी अपील है कि वे अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर ही खड़ा करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।