
मोबाइल दुकानदार से मारपीट और लूट मामले में 5 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार
पलवल, 3 अगस्त। "ऑपरेशन ट्रेकडाउन" के तहत क्राइम ब्रांच पलवल ने वर्ष 2025 में मोबाइल दुकानदार के साथ मारपीट और लूट की वारदात में शामिल पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव फुलवाड़ी निवासी तुषार उर्फ तिसु के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पुलिस अधीक्षक पलवल वरुण सिंगला / अतुल अग्रवाल के निर्देशन में जिला पुलिस द्वारा अपराधियों की धरपकड़ के लिए "ऑपरेशन ट्रेकडाउन" चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत क्राइम ब्रांच पलवल प्रभारी निरीक्षक जगमिंदर सिंह की टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक, 16 दिसंबर 2025 की रात कैंप मार्केट पलवल स्थित मोबाइल दुकान पर दुकानदार हिमांशु ग्रोवर उर्फ नोनी के साथ मारपीट कर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था। शिकायत के अनुसार, रहराना गांव निवासी जसवंत उर्फ हड्डी अपने चार-पांच साथियों के साथ दुकान में घुसा और दुकानदार पर हमला कर दिया। आरोपियों ने दुकान से आईफोन, चार्जर और गल्ले में रखी नकदी लूट ली तथा जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी।
इस मामले में कैंप थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस पहले ही सुनील, जसवंत उर्फ हड्डी, मनीष बढ़ाना और पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी लोकेश उर्फ रोकी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है।
क्राइम ब्रांच के अनुसार, सहायक उप निरीक्षक अशोक कुमार ने 1 अगस्त को मामले में शामिल दूसरे पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी तुषार उर्फ तिसु को गिरफ्तार किया। आरोपी से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस का कहना है कि वारदात से जुड़े किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
Palwal, Palwal | Aug 4, 2026