
*थाना शहर फतेहाबाद पुलिस की कार्रवाई, हेरोइन तस्करी मामले में मुख्य सप्लायर काबू*
*– मामले में दो आरोपी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार, मुख्य सप्लायर को न्यायिक हिरासत में भेजा*
फतेहाबाद, 16 सितंबर। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना शहर फतेहाबाद पुलिस ने हेरोइन तस्करी के एक पुराने मामले में कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए मुख्य सप्लायर को काबू किया है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
थाना शहर फतेहाबाद प्रभारी उपनिरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि 11 फरवरी 2020 को पुलिस टीम ने फतेहाबाद-हिसार रोड पर अल्फा सिटी के पास नाकाबंदी के दौरान एक डटसन रेडीगो कार को रुकवाया था। कार में सवार कुनाल निवासी 12 क्वार्टर, मिल गेट हिसार तथा रवि निवासी भारत नगर, मिल गेट हिसार को काबू किया गया था।
नियमानुसार तलाशी लेने पर आरोपी रवि के कब्जे से 20 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी। इस संबंध में थाना शहर फतेहाबाद में अभियोग संख्या 63 दिनांक 11.02.2020 धारा 21B/61/85 NDPS Act के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
उपनिरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि जांच के दौरान हेरोइन की सप्लाई से जुड़े तथ्यों को खंगालते हुए मुख्य सप्लायर की पहचान की गई और उसे काबू कर लिया गया। मामले में नशा सप्लाई से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।