
आठवें दिन भी जारी रहा बीडीओ का सांकेतिक विरोध, काली पट्टी बांधकर किया कामकाज
नौहट्टा। छपरा में विधि-व्यवस्था ड्यूटी के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी पर हुए हमले के विरोध में बिहार ग्रामीण विकास सेवा संघ के आह्वान पर नौहट्टा प्रखंड में सोमवार को आठवें दिन भी सांकेतिक हड़ताल जारी रही। प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोरमा कुमारी ने काली पट्टी बांधकर ड्यूटी करते हुए अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया।
आंदोलन के आठवें दिन भी बीडीओ ने आम लोगों से जुड़े सरकारी कार्यों का निष्पादन जारी रखा। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की सुरक्षा की मांग को लेकर सांकेतिक विरोध किया जा रहा है, लेकिन इससे प्रखंड कार्यालय के नियमित कार्य प्रभावित नहीं होने दिए जा रहे हैं।
बीडीओ ने कहा कि क्षेत्र में पदाधिकारियों को कई बार संवेदनशील परिस्थितियों में विधि-व्यवस्था से संबंधित दायित्वों का निर्वहन करना पड़ता है। ऐसे में अधिकारियों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त सुरक्षा बल, आवश्यक सुरक्षा उपकरण और ठोस सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराया जाना जरूरी है।
बिहार ग्रामीण विकास सेवा संघ की ओर से सरकार से अधिकारियों की सुरक्षा से जुड़ी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की जा रही है। संघ का कहना है कि जब तक मांगों पर ठोस पहल नहीं होती, तब तक चरणबद्ध आंदोलन के तहत सांकेतिक विरोध जारी रहेगा।