
मड़ावग में जिला स्तरीय जूनियर सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता संपन्न, महिला वर्ग में मेजबान टीम ने मारी बाजी
पुरुष वर्ग में ठियोग विजेता और चौपाल उपविजेता; जिला परिषद सदस्य अतुल शर्मा ने लोअर मड़ावग बाजार में जल संरक्षण टैंक निर्माण के लिए स्वीकृत किए 2 लाख रुपये
न्यूज टुडे हिमाचल ब्यूरो चौपाल।
सेब बहुल क्षेत्र मड़ावग में जिला स्तरीय जूनियर सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई। 19 और 20 अक्टूबर को आयोजित इस प्रतियोगिता में जिला शिमला के विभिन्न क्षेत्रों से लड़कों की छह और लड़कियों की पांच टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रदर्शन, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ 19 अक्टूबर को जिला परिषद सदस्य अतुल शर्मा ने किया। इस अवसर पर भाजपा मंडल चौपाल के अध्यक्ष कुलदीप मेहता, विधानसभा चौपाल के विस्तारक विनोद, हिमाचल प्रदेश सॉफ्टबॉल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष राकेश छाजटा सहित रणवीर हौटा, संजय कलेट, मुनीश दीवान, ललित नेगी और हंसराज कलेट विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस दौरान जिला परिषद सदस्य अतुल शर्मा ने क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए लोअर मड़ावग बाजार में जल संरक्षण टैंक के निर्माण के लिए जिला परिषद निधि से दो लाख रुपये की राशि स्वीकृत की। इस घोषणा से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
20 अक्टूबर को आयोजित समापन समारोह में बालम गोगटा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उनके साथ किसान मोर्चा जिला महासू के उपाध्यक्ष करम चौहान, किसान मोर्चा मंडल चौपाल के अध्यक्ष पंकज डोगरा, हिमाचल प्रदेश सॉफ्टबॉल एसोसिएशन के पूर्व सचिव राजेश कलेट, संजीव कलेट, प्रेम भंडारी, केवल राम शर्मा और मोहर सिंह उपस्थित रहे। समारोह के दौरान विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
ठियोग और मड़ावग की टीमों ने दिखाया दमखम
प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में ठियोग की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि चौपाल की टीम उपविजेता रही। वहीं, महिला वर्ग में सॉफ्टबॉल अकादमी मड़ावग की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। ठियोग की टीम महिला वर्ग में उपविजेता रही।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में राहुल शर्मा, सुनील कलेट, अभिषेक नेगी, भरत कौशल, अंकुश फागटा और नीतिका चौहान ने कोच एवं रेफरी की भूमिका निभाई और आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
जिला सॉफ्टबॉल एसोसिएशन के महासचिव चतर कलेट ने कहा कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना, अनुशासन और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। साथ ही लोअर मड़ावग बाजार में जल संरक्षण टैंक के निर्माण के लिए दो लाख रुपये की राशि स्वीकृत करने पर जिला परिषद सदस्य अतुल शर्मा का क्षेत्रवासियों की ओर से धन्यवाद किया।
जिला स्तरीय इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन से मड़ावग क्षेत्र में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिला है। साथ ही स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर भी प्राप्त हुआ।