बेतिया में विभागीय निदेश के आलोक में पेपरलेस निबंधन व्यवस्था के तहत निबंधित दस्तावेज की रंगीन प्रति पदाधिकारी के मुहर एवं हस्ताक्षर सहित संबंधित पक्षकार को हस्तगत कराई गई। इस पहल का उद्देश्य निबंधित दस्तावेज को बैंकिंग कार्यों में अधिक सुगम एवं उपयोगी बनाना है।
निबंधित दस्तावेज की रंगीन प्रति उपलब्ध होने से बैंकिंग संस्थानों में इक्विटेबल मॉर्गेज के सृजन की प्रक्रिया को सहजता मिलेगी तथा पक्षकारों को बैंकिंग संबंधी कार्यों में अनावश्यक कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
जिला अवर निबंधक, पश्चिम चंपारण बेतिया श्री गिरीश चंद्र ने बताया कि विभागीय निर्देशों के अनुरूप निबंधन प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी एवं पेपरलेस बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। पेपरलेस दस्तावेज की प्रमाणित रंगीन प्रति उपलब्ध कराए जाने से आम नागरिकों को बैंकिंग एवं अन्य आवश्यक कार्यों में सुविधा प्राप्त होगी।